धानापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक 16 वर्षीय छात्रा का शव पेड़ से लटका मिला।
चंदौली : धानापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक 16 वर्षीय छात्रा का शव पेड़ से लटका मिला। सकरारी गांव स्थित कोहड़ा पुलिया के पास सीसम के पेड़ से बंधवापर गांव निवासी पूजा यादव (16) पुत्री राजनरायन यादव का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों और राहगीरों ने जब पेड़ से शव लटकता देखा तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन मय फोर्स मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की और उसे नीचे उतरवाया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि किशोरी का पैर जमीन से सटा हुआ था। पूजा इस वर्ष हाईस्कूल बोर्ड की परीक्षा दे रही थी।
आसपास के लोगों से पूछताछ के दौरान ग्रामीणों ने किसी व्यक्ति द्वारा हत्या कर शव को फंदे से लटकाने की आशंका व्यक्त की है। थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि घटना के स्पष्ट कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।


