चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र में छह वर्षीय बालक के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों की तहरीर के बाद पुलिस जांच में जुटी है, जबकि स्थानीय लोगों ने पुलिस पर समझौते का दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
| चंदौली में छह वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म का आरोप, पुलिस पर समझौते का दबाव बनाने के आरोप |
चंदौली : उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में छह वर्षीय मासूम बच्चे के साथ दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार पीड़ित बालक गांव के एक मदरसे में कक्षा एक का छात्र है और उसके पिता स्कूल बस चालक हैं। बताया जा रहा है कि गुरुवार की शाम बालक गांव में अपने साथियों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान गांव के दो युवकों ने उसे कथित रूप से जबरन खेत की ओर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के दौरान बालक के विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। भय और सदमे के कारण बच्चा दो दिनों तक चुप रहा। बाद में माता-पिता के पूछने पर उसने पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिजन हैरान रह गए।
पीड़ित के पिता ने शनिवार को थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेने की बात कही है। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि मामले में अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
वहीं कुछ लोगों का यह भी आरोप है कि पुलिस के एक अधिकारी द्वारा मामले में समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। हालांकि थाना प्रभारी ने ऐसे किसी भी आरोप से इंकार किया है।
घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग निष्पक्ष जांच व दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
क्या चंदौली के पुलिस अफसर एक्शन लेंगे ?
चन्दौली के धानापुर थाना क्षेत्र में 6 वर्षीय बालक के साथ कथित तौर पर दो युवकों ने दुष्कर्म किया और मारपीट की। पीड़ित परिवार का आरोप है कि शिकायत के बावजूद, धानापुर पुलिस ने चंद रुपयों के लालच में सुलह का दबाव बनाया और FIR दर्ज करने में देरी की। पुलिस की इस कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। उच्चाधिकारियों को मामले की जांच करनी चाहिए।
