चंदौली पुलिस ने मुठभेड़ में हत्या व हत्या के प्रयास के आरोपी हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती को गिरफ्तार किया। जवाबी कार्रवाई में दोनों पैरों में गोली लगी, अवैध हथियार बरामद।
चंदौली / पूर्वांचल : जनपद में वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में वांछित हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कव्वाली कार्यक्रम से लौट रहे परिवार पर किया था हमला
घटना 21 अप्रैल 2026 की है, जब थाना अलीनगर क्षेत्र के ग्राम रेवसा निवासी फरमान ने पुलिस को सूचना दी कि कव्वाली कार्यक्रम के दौरान कुछ युवकों द्वारा महिलाओं पर छींटाकशी की गई। विरोध करने पर लौटते समय हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती और उसके साथियों ने परिवार की गाड़ी पर पथराव किया, मारपीट की और तमंचे से फायरिंग कर दी।
इस मामले में थाना अलीनगर में मुकदमा संख्या 245/2026 के तहत हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में 7 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए SOG और स्थानीय पुलिस टीम को लगाया गया था।
गिरफ्तारी के दौरान रिश्तेदारों ने किया विरोध
SP आकाश पटेल ने बताया कि 23 अप्रैल 2026 की रात पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी धर्मेंद्र भारती ग्राम दीनदासपुर (थाना सकलडीहा) में छिपा हुआ है। पुलिस टीम जब उसे पकड़ने पहुंची तो वहां मौजूद उसके रिश्तेदारों ने गिरफ्तारी का विरोध किया और सरकारी कार्य में बाधा डाली।
पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, आरोपी को शरण देने वाले रिश्तेदारों के खिलाफ भी अपराध दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस अवैध हथियार की बरामदगी कर रही थी, तभी धर्मेंद्र भारती ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह घायल हो गया।
इस मामले में पुलिस पर फायरिंग को लेकर आरोपी के खिलाफ एक और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में धर्मेंद्र भारती ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वादी पक्ष को सबक सिखाने के लिए फायरिंग की थी।
अपराधिक इतिहास: 40 से ज्यादा मुकदमे दर्ज
धर्मेंद्र भारती पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और गैंगस्टर एक्ट सहित करीब 40 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह पहले भी कई मामलों में सजा काट चुका है और क्षेत्र का कुख्यात अपराधी माना जाता है।

