एसपी आकाश पटेल की अध्यक्षता में जनपद की कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु समीक्षा बैठक पुलिस लाइन सभागार में आयोजित की गई।
चंदौली न्यूज़ प्रिंट /ब्यूरो चीफ दिवाकर राय चंदौली
चंदौली : पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल, की अध्यक्षता में जनपद की कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु शुक्रवार को रात्रि एक विस्तृत समीक्षा बैठक पुलिस लाइन सभागार में आयोजित की गई।
बैठक के मुख्य बिंदु एवं निर्देश निम्नलिखित रहे-
आगामी त्योहारों एवं आयोजनों हेतु रणनीति:- आगामी महत्वपूर्ण आयोजनों( डॉ0 भीमराव अम्बेडकर जयन्ती) के दृष्टिगत पुलिस को अलर्ट रहने, छोटी-छोटी घटनाओं पर पैनी नजर रखने और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया।माहौल बिगाड़ने वालों पर तत्काल एवं कड़ी कार्यवाही हो।
अपराध नियंत्रण एवं समीक्षा: पुलिस अधीक्षक महोदय ने थानावार अपराधों की समीक्षा की और लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण हेतु निर्देश दिए। प्रत्येक थाने से 5 ऐसे विवेचकों की सूची मांगी गई है जो विवेचना निस्तारण में रुचि नहीं ले रहे हैं।
महिला सुरक्षा एवं जनसुनवाई: महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 'मिशन शक्ति' और बीट पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही, थानों पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनने और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
मादक पदार्थ/अवैध तस्करी: जनपद में अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों के कारोबार में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध सख्त रोकथाम/निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
शून्य मृत्यु दर जिला (Zero Fatality District - ZFD) सभी प्रभारी निरी0/थानाध्यक्ष सहित यातायात पुलिस को निर्देशित किया गया कि जिले के भीतर सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों की संख्या को घटाकर शून्य करना है। इस वर्ष हुई सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु का केस बाय केस विश्लेषण तैयार करने को कहा गया।
गश्त एवं दृश्यता (Visibility): शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पैदल गश्त (Foot Patrolling) बढ़ाने और रात्रि गश्त में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए ताकि आम जनमानस में सुरक्षा का भाव बना रहे।
साथ ही लम्बित विवेचनाओ व आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, ई-साक्ष्य , ई-सम्मन से सम्बन्धित सूचनाओं को फीडिंग करना तथा यक्ष ऐप पर जल्द से जल्द डेटा फीडिंग का कार्य समय से करना सुनिश्चित किया जाय ।
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को चेतावनी दी कि कर्तव्य पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे पुलिस की सक्रियता बढ़ाएं और सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत करें।

