समाजवादी पार्टी की महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह के घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
चंदौली। मुगलसराय थाना क्षेत्र में समाजवादी पार्टी की महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह के घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार भूमि विवाद और पुराने मनमुटाव को लेकर हुई इस घटना में आरोपी और उसके साथियों ने घर में घुसकर हमला किया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 मई 2026 को ग्राम मढ़िया पड़ाव निवासी गार्गी सिंह के घर में कुछ लोगों ने जबरन प्रवेश कर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में गार्गी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं। आरोप है कि घटना के दौरान हमलावरों ने अफरा-तफरी का फायदा उठाते हुए उनके सोने के आभूषण भी छीन लिए।
पीड़िता की तहरीर पर 29 मई 2026 को थाना मुगलसराय में मुकदमा संख्या 260/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 333, 115(2), 351(2) एवं 309(4) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
दिनांक-28.05.2026 को थाना मुगलसराय अंतर्गत गार्गी पटेल नामक महिला के साथ घटित मारपीट की घटना के संबंध में अ0पु0 अधी0 सदर का वक्तव्य pic.twitter.com/Js0NstIL1i
— Chandauli Police (@chandaulipolice) May 29, 2026
मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुगलसराय पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। इसी क्रम में मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 29 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे घटना में शामिल आरोपी अमित कुमार यादव को फायर स्टेशन मुगलसराय के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित कुमार यादव (42 वर्ष) पुत्र प्यारेलाल यादव, निवासी सुजाबाद पड़ाव, थाना रामनगर, कमिश्नरेट वाराणसी के रूप में हुई है।
मुख्य बिंदु
- सपा महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह के घर में घुसकर हमला।
- भूमि विवाद को लेकर मारपीट और लूट का आरोप।
- लाठी-डंडे व रॉड से हमले में गार्गी सिंह घायल।
- सोने के आभूषण छीनने का भी आरोप।
- मुगलसराय पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार।
- अन्य आरोपियों की तलाश जारी।
पूछताछ में कबूली संलिप्तता
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी अमित कुमार यादव ने घटना के समय मौके पर मौजूद होने और मारपीट की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में भी लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस टीम की कार्रवाई
गिरफ्तारी करने वाली टीम में मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी जलीलपुर उपनिरीक्षक अजय कुमार, हेड कांस्टेबल रजनीश राय तथा कांस्टेबल हर्ष गोस्वामी शामिल रहे।

