चंदौली के जोगिया कला गांव में हुए ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने 36 घंटे में खुलासा किया। अवैध संबंध और सामाजिक बदनामी के चलते सुनील यादव उर्फ कवि ने युवक की कुल्हाड़ी से हत्या की थी। आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद।
- चंदौली पुलिस की बड़ी सफलता, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद; एसपी ने टीम को ₹25 हजार पुरस्कार देने की घोषणा की
चंदौली। जनपद के थाना चकिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोगिया कला में हुए सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी सुनील यादव उर्फ कवि को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त धारदार लोहे की कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे अवैध संबंध, सामाजिक बदनामी और आगामी प्रधानी चुनाव की महत्वाकांक्षा मुख्य कारण थे। मामले के सफल अनावरण पर पुलिस अधीक्षक ने टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
घर के बाहर सो रहे युवक की कर दी गई थी निर्मम हत्या
पुलिस के अनुसार 05/06 जून 2026 की मध्यरात्रि को ग्राम जोगिया कला निवासी बेचई उर्फ बृजेश यादव (34 वर्ष) की उस समय हत्या कर दी गई थी, जब वह अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था। अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से उसकी गर्दन पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया था।
घटना की सूचना मिलते ही थाना चकिया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना चकिया में मुकदमा अपराध संख्या 153/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
कई पहलुओं पर जांच के बाद खुला राज
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण, स्थानीय लोगों से पूछताछ और तकनीकी एवं परिस्थिति जन्य साक्ष्यों का विश्लेषण किया। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद सहित कई संभावित कारणों की पड़ताल की गई।
जांच के दौरान पता चला कि मृतक की पत्नी का गांव के ही सुनील यादव उर्फ कवि के साथ पिछले चार से पांच वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस संबंध को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
घटना से लगभग एक सप्ताह पूर्व हुए विवाद के बाद मृतक की पत्नी अपने बच्चों के साथ मायके चली गई थी। इसके बाद मृतक ने गांव में सार्वजनिक रूप से आरोपी और अपनी पत्नी के संबंधों की चर्चा शुरू कर दी थी।
प्रधानी चुनाव से पहले बदनामी का डर बना हत्या का कारण
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुनील यादव आगामी ग्राम प्रधान चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। मृतक द्वारा लगातार उसके अवैध संबंधों को सार्वजनिक किए जाने से वह स्वयं को सामाजिक रूप से अपमानित महसूस कर रहा था।
इसी कारण उसने बदला लेने और अपनी छवि बचाने के उद्देश्य से हत्या की साजिश रची।
अहरौरा से खरीदी कुल्हाड़ी, रात में दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार आरोपी ने 5 जून की दोपहर अहरौरा जाकर एक लोहार की दुकान से लोहे की धारदार कुल्हाड़ी खरीदी थी। उसी रात वह अपने खेत से कुल्हाड़ी लेकर चोरी-छिपे मृतक के घर पहुंचा।
जब मृतक चारपाई पर गहरी नींद में सो रहा था, तब आरोपी ने उसकी गर्दन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिया। शोर न मच सके, इसके लिए उसने मृतक के गमछे का टुकड़ा उसके मुंह में ठूंस दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को अपने खेत में गाड़कर वापस वहीं जाकर सो गया, ताकि किसी को उस पर शक न हो।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
दिनांक 7 जून 2026 की शाम लगभग 8 बजे मुखबिर की सटीक सूचना पर थाना चकिया पुलिस ने मोकरम बंधी के पास घेराबंदी कर आरोपी सुनील यादव उर्फ कवि को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर खेत में छिपाकर रखी गई हत्या में प्रयुक्त लोहे की धारदार कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई।
पुलिस टीम को मिला 25 हजार रुपये का पुरस्कार
ब्लाइंड मर्डर केस का त्वरित और सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक चंदौली ने टीम के उत्साहवर्धन हेतु ₹25,000 नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

.jpeg)