पूरी निष्ठा से करें दायित्वों का निर्वहन, दबाव में न आए राजस्व कर्मी: डीएम

जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में गुरुवार को आईटीआई रेवसा सभागार कक्ष में राजस्व विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। 

पूरी निष्ठा से करें दायित्वों का निर्वहन, दबाव में न आए राजस्व कर्मी: डीएम


  •  ITI रेवसा सभागार में जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने ली राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक
  •  लापरवाही मिलने पर उप जिलाधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के दिए निर्देश
  •  लेखपाल और राजस्व निरीक्षकों को बनाना होगा शिकायतों व निस्तारण का रजिस्टर

चंदौली। जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में गुरुवार को आईटीआई रेवसा सभागार कक्ष में राजस्व विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कड़े रुख में अधिकारियों और कर्मचारियों को आम जनमानस के हितों के लिए पूरी निष्ठा से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व विभाग सीधे जनता से जुड़ा है, इसलिए कर्मियों की जिम्मेदारी बहुत बड़ी है।


बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा, "जनता को आप लोगों से बहुत उम्मीदें होती हैं। अपने कर्तव्य निर्वहन के दौरान बिना किसी दबाव के नियमानुसार कार्य करें। यदि सही कार्य करने से कोई रोकता है या गलत काम करने का दबाव बनाता है, तो इसकी सूचना सीधे मुझे दें।" उन्होंने कर्मचारियों को निर्भीक होकर काम करने का हौसला दिया।

जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों को जमीन विवादों, घरौनी व अन्य लंबित मामलों को समय से निस्तारण करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि आगामी वृहद जन चौपाल के दौरान छोटी-मोटी शिकायतें सामने नहीं आनी चाहिए।


पूरी निष्ठा से करें दायित्वों का निर्वहन, दबाव में न आए राजस्व कर्मी: डीएम


जिलाधिकारी ने कहा सभी राजस्व निरीक्षक व लेखपाल अपने कार्यक्षेत्र के लिए एक विशेष रजिस्टर बनाएंगे। इसमें क्षेत्र की समस्याओं और शिकायतों को दर्ज किया जाएगा। साथ ही, यह भी अंकित करना होगा कि कितनी शिकायतें प्राप्त हुईं और उनके सापेक्ष कितनों का निस्तारण कराया गया।

सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित करते हुए डीएम ने कहा कि वे निर्धारित समय पर अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर जनसुनवाई करें। अधीनस्थों को जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि यदि किसी राजस्व निरीक्षक या लेखपाल के स्तर पर लापरवाही या शिकायत मिलती है, तो संबंधित एसडीएम तत्काल जांच कराकर अग्रिम दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक रतन वर्मा सहित समस्त उपजिलाधिकारी एवं राजस्व से जड़े अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहे।