वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन-2026 के तहत शुक्रवार को जनपद चंदौली में मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी माहौल में सकुशल संपन्न हो गया।
- डीएम चंद्र मोहन गर्ग और एसपी आकाश पटेल ने मतदान समाप्ति तक केंद्रों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
चंदौली / सकलडीहा। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन-2026 के तहत शुक्रवार को जनपद चंदौली में मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी माहौल में सकुशल संपन्न हो गया। मतदान के दौरान प्रशासन की कड़ी निगरानी और पुलिस की मुस्तैद व्यवस्था देखने को मिली। जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, खंड स्नातक निर्वाचन में लगभग 43.38 प्रतिशत तथा खंड शिक्षक निर्वाचन में 71.70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतदान केंद्रों पर लगातार नजर बनाए रहे डीएम और एसपी
निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल लगातार सक्रिय रहे। दोनों अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, मतदान प्रक्रिया और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया। मतदान समाप्त होने तक अधिकारियों की निगरानी जारी रही। इस दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके।
जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रशासन की सतर्कता और पुलिस की मुस्तैदी के चलते जिले में मतदान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदान संपन्न होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।
मतदान संपन्न होने पर जिलाधिकारी ने जताया आभार
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने निर्वाचन प्रक्रिया के शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न होने पर सभी चुनाव कार्मिकों, पुलिस बल के जवानों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने वाले नागरिकों और मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के योगदान की सराहना की।




