चंदौली के कंदवा थाना क्षेत्र के तेल्हरा गांव में कुत्ता टहलाने के विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। फायरिंग व मारपीट में 10 लोगों के घायल होने की खबर है, पुलिस जांच में जुटी है।
चंदौली : उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में एक बार फिर पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। चंदौली के कंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत तेल्हरा गांव में रविवार सुबह दो पक्षों के बीच चल रहे पुराने विवाद ने अचानक तूल पकड़ लिया। इसमें लड़कों के वर्चस्व की लड़ाई भी बताई जा रही है।
लोगों से मिली जानकारी के अनुसार , दोनों पक्षों के बीच पहले से ही जमीन और आपसी रंजिश को लेकर तनाव बना हुआ था। रविवार सुबह किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इधर एसपी आकाश पटेल ने बताया कि कुत्ता टहलने को लेकर यह विवाद शुरू हुआ और मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने अचानक फायरिशुरू कर दी और साथ ही लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में पुरुषों के साथ एक युवक की भी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कुत्ता टहलाने को लेकर यह विवाद शुरू हुआ है। फिलहाल पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
.......खबर अपडेट की जा रही है
