डंपर की टक्कर से बुजुर्ग की दर्दनाक मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर लगाया जाम

जनपद के बबुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक हृदय विदारक सड़क हादसा सामने आया है। 

डंपर की टक्कर से बुजुर्ग की दर्दनाक मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर लगाया जाम

चन्दौली : जनपद के बबुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक हृदय विदारक सड़क हादसा सामने आया है। चकिया-मुगलसराय मार्ग पर स्थित बिठवल (भटौली) गांव के समीप मिट्टी लदे एक तेज रफ्तार डंपर ने एक बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 70 वर्षीय नरेंद्र कुमार झा के रूप में हुई है, जो भटौली गांव के निवासी थे। बताया जा रहा है कि नरेंद्र कुमार झा मार्ग के समीप थे, तभी चकिया की ओर से मुगलसराय की तरफ जा रहे मिट्टी लदे डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

 ग्रामीणों का फूटा गुस्सा 

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए भाग रहे डंपर चालक को पकड़ लिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चकिया-मुगलसराय मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर मिट्टी लदे डंपर और भारी वाहन बेतहाशा गति से चलते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

प्रमुख मांगें और प्रशासन की स्थिति

सड़क पर उतरे ग्रामीणों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि जब तक जिला अधिकारी (DM) स्वयं मौके पर आकर उनकी समस्याओं को नहीं सुनते और उचित कार्रवाई का आश्वासन नहीं देते, तब तक जाम नहीं खोला जाएगा।

मुआवजे की मांग

मृतक के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता और आरोपी चालक के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की जा रही है।

हमें खोजने के लिए Google में https://chandaulinewsprint.blogspot.com लिख कर सर्च करें ||