डीएम और एसपी की अध्यक्षता में आगामी आरक्षी पुलिस भर्ती परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की गई।
![]() |
| बैठक करते डीएम और एसपी |
चंदौली।आगामी आरक्षी पुलिस भर्ती परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधाओं, यातायात प्रबंधन और परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
जनपद में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा (UP Police Constable Exam) को शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 24,768 परीक्षार्थी शामिल होंगे। सुरक्षा और सुचारू व्यवस्था के लिए इन केंद्रों पर 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 11 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए और संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए केंद्रों पर सघन चेकिंग, अभ्यर्थियों का सत्यापन और प्रवेश प्रक्रिया को निर्धारित मानकों के अनुरूप संपादित करने के निर्देश दिए गए।
सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर परीक्षा से संबंधित भ्रामक और अफवाहपूर्ण सूचनाओं पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए। ऐसे मामलों में तत्काल आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया।
परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए प्रभावी यातायात प्रबंधन योजना लागू करने पर जोर दिया गया।
परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पेयजल, सीसीटीवी कैमरे, जैमर, अग्निशमन उपकरण और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
सभी अधिकारियों को परीक्षा को पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराने के लिए आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता भंग करने या किसी भी प्रकार की अनियमितता में शामिल पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी न्याययिक रतन वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्र शेखर, जिला विद्यालय निरीक्षक, सेक्टर-जोनल आफिसर एवं प्रधानाचार्य गण उपस्थित रहे।

.jpeg)