मुगलसराय पुलिस का बड़ा खुलासा: ऑटो में बैठाकर टप्पेबाजी करने वाला अंतरजनपदीय गिरोह गिरफ्तार, 3 शातिर चढ़े पुलिस के हत्थे

मुगलसराय पुलिस ने ऑटो में बैठाकर टप्पेबाजी और चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया। तीन शातिर गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त ऑटो और नगदी बरामद।

मुगलसराय पुलिस का बड़ा खुलासा: ऑटो में बैठाकर टप्पेबाजी करने वाला अंतरजनपदीय गिरोह गिरफ्तार, 3 शातिर चढ़े पुलिस के हत्थे

  • चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश, ऑटो रिक्शा और नगदी बरामद

Chandauli News  मुगलसराय पुलिस को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना मुगलसराय पुलिस टीम ने ऑटो में बैठाकर यात्रियों से टप्पेबाजी और चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा और नगद रुपये भी बरामद किए हैं।

शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस

जानकारी के अनुसार अलीनगर थाना क्षेत्र के ताराजीवनपुर निवासी प्रदीप कुमार गोड़ ने 21 मई 2026 को थाना मुगलसराय में तहरीर देकर बताया कि 20 मई की दोपहर वह घर जाने के लिए ऑटो में बैठे थे। ऑटो में पहले से बैठे तीन युवकों ने बातचीत में उलझाकर उनकी जेब से 2500 रुपये चोरी कर लिए और बाद में चकिया तिराहे के पास उतारकर फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर थाना मुगलसराय पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामला बीएनएस की धारा 303(2) के अंतर्गत पंजीकृत किया गया।

मुखबिर की सूचना पर दबिश, तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस टीम वाहन चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी सुभाष पार्क के पास पानी टंकी के सामने ऑटो के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों आरोपियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा नंबर UP-65QT-7269 तथा 2000 रुपये नगद बरामद किए गए। मौके पर पहुंचे वादी प्रदीप कुमार गोड़ ने आरोपियों और ऑटो की पहचान भी की।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई—

  • राजू पुत्र स्व. राजकुमार निवासी भुईली खास, थाना अदलहाट, जनपद मिर्जापुर
  • साजन पुत्र छबिले सोनकर निवासी भुईली खास, थाना अदलहाट, जनपद मिर्जापुर
  • मुकुल कुमार पुत्र श्याम सुंदर निवासी सौगाई, थाना सैयदराजा, जनपद चंदौली

पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वे ऑटो में सवारी बैठाकर उनका ध्यान भटकाते थे और मौका मिलते ही जेब से पैसे निकाल लेते थे। आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन उन्होंने एक यात्री को आगे बैठाकर उसके कंधे पर गमछा डाल दिया और उसी दौरान उसकी जेब से रुपये निकाल लिए थे।

उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि 21 मई को भी वे इसी प्रकार की वारदात को अंजाम देने के लिए सुभाष पार्क के पास नए शिकार की तलाश में खड़े थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस कर रही आगे की जांच

चंदौली पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) और 317(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गिरोह ने जिले या आसपास के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।

यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक वाहनों में सफर के दौरान सतर्क रहें और किसी अनजान व्यक्ति की बातों में न आएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।


" PNP Network " के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.हमें Google में खोजने के लिए https://chandaulinewsprint.blogspot.com/ लिख कर सर्च करें ||