चंदौली मर्डर केस: ₹1.5 लाख की सुपारी देकर लोको पायलट ने कराई हत्या, पुलिस एनकाउंटर में शूटर गिरफ्तार

Chandauli Crime News: चंदौली के अलीनगर में हुए मनोज कुमार हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा। रेलवे लोको पायलट ने बिहार के शूटरों से कराई थी हत्या, पुलिस मुठभेड़ में शूटर घायल।

chandauli-murder-case

Chandauli Crime News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिला अंतर्गत अलीनगर थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज मनोज कुमार हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर 'ब्लाइंड मर्डर' का सफल अनावरण कर दिया है। चंदौली पुलिस कप्तान (SP) श्री आकाश पटेल की सूझबूझ और चकिया तिराहा पुलिस बूथ पर बैठकर की गई लगातार 15 घंटे की सतत मॉनिटरिंग के बाद पुलिस ने इस मर्डर मिस्ट्री की कड़ियों को जोड़ते हुए मुख्य साजिशकर्ता और बिहार के एक शूटर को गिरफ्तार कर लिया है।

मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से एक शूटर घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बड़ी कामयाबी पर अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) वाराणसी जोन द्वारा पुलिस टीम को ₹50,000 के नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

7 लाख का कर्ज और रंजिश बनी हत्या की वजह

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि रेलवे के लोको पायलट कृष्ण भगवान सिंह ने साल 2020 में मृतक मनोज कुमार से ₹3 लाख ब्याज पर उधार लिए थे। समय बीतने के साथ ब्याज जुड़कर यह रकम करीब ₹7 लाख हो गई थी। मनोज लगातार तगादा कर रहा था और घर पर भी आता-जाता था। आरोपी लोको पायलट का आरोप है कि मनोज की नीयत उसकी बहू पर भी खराब थी, जिससे तंग आकर उसने मनोज को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

बिहार के शूटरों को दी थी ₹1.5 लाख की सुपारी

साजिश के तहत लोको पायलट ने बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले भरत सिंह से संपर्क किया। भरत सिंह ने ₹1.5 लाख में हत्या की सुपारी ली। हथियार के लिए ₹45 हजार एडवांस दिए गए और बाकी रकम जनसेवा केंद्र के माध्यम से खाते में ट्रांसफर की गई। दिनांक 03 जून 2026 को भरत सिंह अपने साथी शूटर सूरज कुमार उर्फ राजेश के साथ मुगलसराय पहुंचा, जहां लोको पायलट ने उन्हें ठहराया और 2 दिनों तक रेकी कराई।

इस तरह दिया गया वारदात को अंजाम (Crime Plan)

  • तारीख: 06 जून 2026, सुबह करीब 7:00 बजे मनोज कुमार अपने घर से काम के लिए निकले थे।

  • बहाना: दोपहर में लोको पायलट कृष्ण भगवान सिंह ने एक मिठाई की दुकान से कर्मचारी का मोबाइल मांगकर मनोज को ब्याज के पैसे देने के बहाने बुलाया।

  • मर्डर स्पॉट: टड़िया गांव के पास सुनसान रास्ते पर ले जाकर लोको पायलट ने पेशाब करने के बहाने साइकिल रोकी। पीछे से मोटरसाइकिल पर आ रहे शूटरों (भरत और सूरज) ने मनोज के सिर और सीने में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।

  • गुमराह करने की कोशिश: वारदात के बाद शूटर बिहार भाग गए, जबकि लोको पायलट खुद को सामान्य दिखाने के लिए पीडीडीयू जंक्शन (DDU Junction) से अपनी रेलवे ड्यूटी पर चला गया।

CCTV और CDR से खुला 'ब्लाइंड मर्डर' का राज

शव के पास से मिली डायरी में ब्याज के लेन-देन का जिक्र था। जब पुलिस ने घटनास्थल के रूट के CCTV फुटेज खंगाले, तो मृतक के साथ साइकिल पर एक अन्य व्यक्ति और पीछे एक संदिग्ध बाइक दिखी। मृतक के CDR (Call Detail Record) की जांच में एक संदिग्ध कॉल मिली, जिसका मिलान करने पर रेलवे लोको पायलट कृष्ण भगवान सिंह का नाम सामने आया, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो पूरी कहानी साफ हो गई।

पुलिस मुठभेड़ में शूटर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहार के भोजपुर निवासी शूटर सूरज कुमार उर्फ राजेश यादव को गिरफ्तार किया। जब पुलिस टीम डिजिटल साक्ष्य संकलन (e-Saaksh्य App) और वीडियोग्राफी के साथ कुरहना/कैली अंडरपास के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी पिस्टल बरामद करने ले गई, तो आरोपी ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई (Encounter) में शूटर सूरज के दोनों पैरों में गोली लगी। उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया।


                                         chandauli-murder-case : एसपी चंदौली का बयान 

बरामदगी का विवरण:

  • असलहा: 01 पिस्टल .32 बोर (हत्या में प्रयुक्त)

  • कारतूस: 02 खोखा कारतूस और 02 जिंदा कारतूस

गिरफ्तार अभियुक्तों की प्रोफाइल:

  1. कृष्ण भगवान सिंह (लोको पायलट/मुख्य साजिशकर्ता) - निवासी: भदेसरी, बक्सर (बिहार), हाल पता: मानस नगर, अलीनगर, चन्दौली।

  2. सूरज कुमार उर्फ राजेश यादव (शूटर) - निवासी: पुलिस का डेरा, जगदीशपुर, भोजपुर (आरा), बिहार।

विधिक कार्रवाई: इस मामले में अलीनगर थाने पर मु0अ0सं0 347/2026 धारा 103(1) BNS तथा मुठभेड़ व बरामदगी के मामले में मु0अ0सं0 352/2026 धारा 109(1) BNS व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

सफल पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ल (थाना अलीनगर), उ0नि0 पंकज कुमार सिंह, उ0नि0 आशुतोष गुप्ता और सर्विलांस प्रभारी उ0नि0 आशीष मिश्रा समेत उनकी पूरी टीम।