लेहरा ड्रेन में कतकौलिया मौजे में लघु सिंचाई विभाग वाराणसी द्वारा बनवाया गया चेकडैम किसानों के लिए मुसीबत बन गया है।
- किसानों ने जताया विरोध, 16 जुलाई को फिर होगी वार्ता
चन्दौली : जिले के शहाबगंज ब्लॉक अंतर्गत लेहरा ड्रेन में कतकौलिया मौजे में लघु सिंचाई विभाग वाराणसी द्वारा बनवाया गया चेकडैम किसानों के लिए मुसीबत बन गया है। किसानों का आरोप है कि बंधी डिवीजन से एनओसी लिए बगैर मनमाने ढंग से इसका निर्माण कर दिया गया है।
किसानों के अनुसार चेकडैम बनने से ड्रेन का पानी निकास नहीं हो पाएगा और बरसात में हजारों बीघा धान की फसल भयंकर बाढ़ में डूब सकती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह 13 जुलाई को किसानों के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बंधी डिवीजन और लघु सिंचाई विभाग के अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया।
निरीक्षण के दौरान लघु सिंचाई विभाग के अवर अभियंता विकास कुमार भी मौके पर पहुंचे। किसान नरेंद्र मौर्य, मोनू यादव और नागा बाबा ने उन्हें पूरे सिवान क्षेत्र का भ्रमण कराकर बताया कि चेकडैम के कारण उनकी खेती चौपट हो जाएगी।
अवर अभियंता विकास कुमार ने किसानों से बातचीत में कहा कि चेकडैम से ड्रेन में पानी रुकेगा और क्षेत्र का वाटर लेवल ऊंचा होगा।
इस पर संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने मांग की कि चेकडैम के फाल को कम से कम एक फुट तोड़कर उसकी ऊंचाई घटाई जाए।
अंत में अवर अभियंता ने इस मुद्दे पर पुनः वार्तालाप और विचार-विमर्श के लिए 16 जुलाई की तारीख तय की है।
इस दौरान मोनू यादव, चंदन, नागा बाबा, मताई पाल, मोनू पांडेय, सूरज गोंड, बुलेट, भोलू यादव, त्रिपुरारी यादव, पनारु यादव सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

.jpeg)
